एक कविता की ऊँगली पकड़ कर
मैं रोज़ शाम निकल आता हूँ घर से
देर तलक भटकता रहता हूँ इसकी ऊँगली थामे इन सडकों पर
और ये खींचती रहती है उँगलियाँ मेरी
अचानक छुड़ा के हाथ मुझसे
ये दौड़ पड़ती है सुनहेले साहिल की ओर
और दौड़ती ही जाती है रेत के आखिरी झोर तक
आँखें मूंदे , दोनों बाहें फैलाये
खड़ी हो जाती है समंदर के किनारे
और ओढ़ लेती है पिघले हुए सूरज की लालिमा
समंदर भी रंग जाता है इसके नाज़ुक पांव चुपके से
मैं , जो अब तक हेराँ परेशान..
दौड़ रहा था इसके पीछे
इसके सफ़ेद चेहरे पर घुलती लालिमा
और उसमे से फूटती उसकी नादान हंसी देख …
बस मुस्कुरा देता हूँ ..
और वहीँ किनारे पर बैठ जाता हूँ
और भूल जाता हूँ दिनभर की सारी थकान
भूल जाता हूँ अब तक की सारी नाकामयाबी
और साथ ही भूल जाता हूँ ज़िन्दगी की सारी तकलीफें
बस देखता रहता हूँ
सुनहेले सूरज का पल पल पिघलना
हर शाम वो समंदर के गले में
पहना जाता है एक रेशमी ज़ेवर
और छुप जाता है उसी की
आँखों पर रख कर हथेलियाँ अपनी
मेरी कविता दूर से मुस्कुरा देती है मुझे देख कर
और बुझा कर सूरज का आखिरी कतरा समंदर में
दौड़ती , मुस्कुराती मेरी कविता मेरे सीने से लग जाती है
और देर तक रंगती रहती है मेरे खुरदुरे चेहरे को
अपने नाज़ुक हथेलियों की नर्मी से
फिर बैठ जाती है मेरे पास वहीँ
और अपनी तोतली जुबां से पूछती है …
झुलज चाचू काँ गए ??
अब वो कब आयेंगे ??
चंदा मामा अबी तक क्यों नी आये ??
और शुरू हो जाता है
उसके ना ख़तम होने वाले सवालों का सिलसिला
हम देर तक एक दुसरे को कहानियां सुनाते रहते हैं
राजा की … रानी की …भालू की …हाथी की …
और आखिर में जब
तारे गिनते गिनते वो सो जाती है
मैं हौले से उठा लेता हूँ उसको
और अपनी आगोश में समेटे घर को लौट आता हूँ …
No comments:
Post a Comment