Sunday, June 27, 2010

मन का धुंआ ...

मन का धुंआ
सुलगता ही रहता है हमेशा
हल्का सा कोसा धुंआ
नाज़ुक सा बोसा धुंआ
मन की सौंधी भाप से उढ़ता धुंआ
पागल मन का धुंआ ही तो है

Tuesday, June 8, 2010

कंजरी ...

माँ आज की रात मेरे सिरहाने कुछ नयी कहानियां और कुछ नए सपने रख देना .
कल की रात बड़ी खाली थी , कल के सपने बड़े सूने थे .
तुम्हे याद है वो चाँद और उस बूड़े फ़कीर की कहानी जिसमे दोनों बातें करते थे .
जिसमे फ़कीर सड़क के किनारे बैठ कर चाँद को सुनाता था कलमे
और बदले में चाँद उस फ़कीर को सूरज और उसके बीच हुए समझोते के किस्से सुनाता था .
कल की रात देर तक दोनों खामोश बैठे रहे थे एक दुसरे की तरफ पीढ करके .
कोई देखता भी नहीं था किसीको और न कोई बात ही करता था .
दम घुटने लगा था मेरा उस ख़ामोशी से
और घबरा कर खोल ली थी आँखें मैंने ।

आज सवेरे उसी सड़क पर कुछ टुकड़े मिले थे रेशमी फुलकारी के
जो खीचे हुए थे बदन से किसीके .
उसमे खून के कुछ कतरे भी थे जो सूख चुके थे सुबह तक .
और कुछ ही दूर एक लड़की मिली थी खून में लिपटी हुयी .
उसके बदन से ज्यादा उसके होंठो पर बाकी चीखें नंगी थी
लक्ष्मी नाम था उसका पर सब उसे लच्छो लच्छो कहते थे , पास ही के गाँव की थी वो .
और उस्सी तरफ लच्छो लच्छो पुकारते हुए दौड़ा आ रहा था एक आदमी ,
ईदू सिंह बाप था उसका , ईदू कुम्हार ..
जाते ही सीने से भीच लिया था उसको और गोदी में उठा के दौड़ पड़ा था अस्पताल की और .
पीछे पीछे एक औरत दौड़ रही थी – कमली दा न कोई हाल पझाने न कमली दा नाम .
और उससे बाजु से संभाले हुए एक लड़का –लच्छो का छोटा भाई था शायद .

कुछ दिन पहले ही लच्छो को मैंने गाँव के बाहर वाले रास्ते पर देखा था उसकी सहेलियों के साथ पीली मिटटी काटते हुए । उस दिन भी उसका रंग मिटटी से ज्यादा पीला था ।
और उस पर छड़ी उदासी की परत उसकी काली आँखों से भी ज्यादा काली .

लच्छो अब 18 की हो चली थी और उसकी बरात को आने में अब कुछ ही घंटे बाकी थे .
सुनी सुनाई बात ये भी थी की उसी के गाँव का एक लड़का और लच्छो एक दुसरे को पसंद करते थे .
ईदू ने कई बार लच्छो और उस लड़के को धमकाया भी और बिरादरी के डर से हार कर लच्छो का ब्याह पास ही के गाँव के किरत सिंह के बेटे हर किरत सिंह से ते कर दिया .

अस्पताल के बाहर लोगो का एक हुजूम मालूम होता था ,
गाँव के गाँव पहुचे हुए थे वहां पर .
सभी दबी जुबां में लच्छो , ब्याह , मोहन , और हरकिरत से गूथी बातें फुसफुसा रहे थे ।
मोहन अपने हाथो में फुलकारी के कतरे समेटे हुए अस्पताल के दरवाज़े से कंधे टिकाये बैठा हुआ था . बात सच थी शायद …

मोहन न किसी को देखता था न ही किसी से कुछ बोलता ही था ,
सिर्फ उस फुलकारी की डोरिया एक एक कर के खीचता था और अपनी जेब में रखता था ,
बीच बीच में अपनी आस्तीनों से अपनी आँखें पोचता –
जाने आंसू पोचता था या डोरियो के रंग पता नहीं ।

कुछ देर बाद डॉक्टर ने ईदू को अपने पास बुलाया –
और दोनों हाथो से उसके दोनों कंधे थामकर कुछ कहने लगा , जिसके बाद ईदू ज़मीन पर गिर पड़ा ।

लच्छो अब जलने के लिए तैयार थी .
और वो औरत जिस कमली दा न कोई हाल पझाने न कमली दा नाम ...
अब उसको एक नाम मिला था मरी हुयी लच्छो की माँ .
आज तक किसी ने उससे लच्छो की माँ कह कर नहीं पुकारा था .
सभी उसे - अरी कुम्हारिन कह कर बुलाते थे .
आज से वो मरी हुयी लच्छो की माँ थी .

इतने में ईदू उढकर चल पड़ा दरवाज़े की और जहाँ मोहन अभी भी डोरियो में उलझा हुआ था .
ईदू ने खीच कर गिरेबान से मोहन को पदक दिया अस्पताल के आँगन में .
और पीटने लगा . . .
ईदू रोता भी जाता था और पीटता भी .
बिरादरी का बड़ा नुक्सान हुआ था आज
सो बिरादरी वाले भी उसे पूरा करने लगे .
मोहन खामोश मार खाता रहा , उसे कुछ नहीं कहना था आज किसी से .
पर उसकी माँ और उसके सौतेले बाप को कुछ ज़रूर कहना था ,
पर किसी ने भी उनकी चीखो के आलावा उनकी और कोई बात न सुनी .
मोहन अब कई बातों के लिए ज़िम्मेदार था
लच्छो के बलात्कार , उसकी मौत और अपनी इस अदमरी हालत , इन सब के लिए .

तभी इंस्पेक्टर साब चीखते हुए आँगन में दाखिल हुए
और ईदू और उसके बिरादरी वालों को झटक कर एक और कर दिया .
सभी ने हाबड़ ताबड़ में अपनी अपनी जगह ले ली
और ईदू वहीँ ज़मीन पर घुटनों के बल गिर पड़ा .
मोहन अब भी जिंदा था , उसकी सांसें अब तक चल रही थी .
मोहन की आँखें न खुलती थी , दर्द से या धुप से पता नहीं ,
पर उसकी साँसे चलती थी और उसके होंठो से निकलते थे कुछ लफ्ज़ टूटे हुए बिखरे हुए ----
किन्नी वारि केया सी तेनु बीबा मेरे सामने जदों वि आया कर घूंघट कड के आया कर . इक दिन तेनु मेरिय नज़रान ही लग जांगियाँ . ते अज लग गयी बीबा . अज खा गयी मेरियां नज़रान तेनु .
कहते कहते मोहन की कस्सी हुयी मुद्दी खुलने लगी और उसी मुढ़ी में बची आखिर की तीन लाल डोरियाँ उसकी हथेली से फिसल कर ज़मीन पर गिर पड़ी .
उसकी आँखें अब भी बंद थी और साँसे भी पर दर्द चलता था उसके बदन पर
उसके खुले होंठों पर . .

अँधेरे की कोख से चलता हुआ एक साया पुलिस चोकी में दाखिल हुआ
ये हरकिरत था जिसका आज लच्छो से लगन होने वाला था .
हरकिरत जाने क्यूँ डरा हुआ था पर उसके चेहरे पर एक जीत का सा घमंड भी था .
और अगले ही पल उसने इंस्पेक्टर साब के सामने नोटों के तीन बंडल पटक दिए …
और अपना ब्यान दर्ज करवा दिया ……॥

हरकिरत सिंह S/O श्री. किरत सिंह का ब्यान -
पिछले तीन सालो से चल रहा था उन दोनों के बीच .
था भी तो नीची जात का … इतने सालो में क्या वो उसके साथ सोयी न होगी ??
फिर कैसे ले आता उस कंजरी को मैं अपने घर ??

Inspired by Malina a film of Giuseppe Tornatore & a recent incident of a girls murder by her Fiancé in Faridkot, Punjab.

एक बात और …
रात लच्छो को ले जाते हुए हरकीरत को सड़क के किनारे बैठे उस बूड़े फ़कीर और चाँद दोनों ने देखा था और उसके बाद से खामोश रहे है दोनों …

Vijay K. Vigamal
Friday, June 04, 2010