Saturday, January 22, 2011

"दो चेहरें"

दिल्ली के एक मामूली सरकारी अस्पताल में मेरा जन्म हुआ !!
माँ के काम घर के हैं
बाप हमें बड़ा करने में लगा हुआ है
सवेरे काम पर निकलना और
शाम को देर गए घर लौटना
हम खेलते, कूदते, कंचे खनकाते
हर दिन एक नई फरमाइश रख देते माँ के सामने
जिसे माँ चुपचाप सुनती भी और नहीं भी...

कई बार मेरे खेलों और मोहल्ले वालों की शिकायतों
से परेशान होकर बाप थप्पड़ भी मारता
और हर बार बचाने के लिए माँ ही दौड़ती
तब मुझे माँ की एहमियत का एहसास हुआ
"माँ ना होती तो, बाप के थप्पड़ों से कौन बचाता ?"

पर छोटेपन से ही
एक अजीब तरह की उदासी
मैं अपने बाप के चेहरे पर देखता हूँ
माँ के खाली कान...
उसकी साड़ी और ब्लाउज़ को जगह - जगह लगी टांकिया
मुझे अक्सर बैचैन करती
उम्र के पीलेपन से वो इतना नहीं झुलसी थी
जितना अपने बच्चो की फ़िक्र में
वो अभी तीस की ही तो थी
लेकिन...वक़्त के इस ढलाव में
वो पैतालीस की मालूम होती है

सूखे बिखरे बालों की एक पतली सी छोटी
और बेरंग चेहरे पर झुर्रियों के आलावा
और कुछ भी नहीं...
खाली फ़िक्र है जो होंठो से लिपटा पड़ा है
और एक बेबसी जो दोनों आँखों से मुंह बाये झाकती रहती है
उसे फ़िक्र ने खा लिया था ..


माँ रोज़ रात हमारे सिरहाने बैठ हमें लोरियां सुनाती
और ठोडी घुटनों पे टिकाये मेरा माथा सहलाती
मैं घर में सबसे छोटा था...
और आहिस्ता - आहिस्ता लोरी की आवाज़
उसके होंठों से लिपटे फ़िक्र में घुलने लगती
और वो अधरी हो, पीठ दीवार से लगाये खुद में सिमटने लगती
तभी पिताजी भी घर आ लौटते और
बैठ जाता हमारे पास
धीरे से अपने खुरदुरे हाथ रख देता हमारे बदन पर
और धीरे - धीरे सहलाता रहता

बाप :- बहुत दर्द हुआ होगा ?? कितनी ज़ोर से मारा था मैंने !
(और खुद ही जवाब देता)
बाप :- गलती इसकी भी तो है - कितनी बार इसको बोला इतनी शैतानी मत किया कर ...
लेकिन ये करे भी तो क्या !
बच्चा ही तो है .. अभी शैतानी नहीं करेगा तो ... खाना खाया इसने ??
माँ जवाब में हौले से सर हिला देती और
हाथ धो कर पिताजी के लिए खाना निकलने लगती !
बाप :- तुने खाया (और जवाब जानते हुए) अपने लिए भी निकाल ले.

और अब तक पिताजी के खुरदरे हाथों की नरमी मेरे बदन में घुल जाती !

जब मैं थोडा बड़ा हुआ
और कमाने लगा
तो कई बार घर लौटते हुए देर हो जाती
पर पिताजी को मैं हमेशा गली के मोड़ पर ही पाता
मेरे मोड़ तक पहुँचते ही, मेरा बैग थाम लेते और आहिस्ता से पूछते
आज ऑफिस में काम ज्यादा था क्या ??
और मैं हर बार हाँ में जवाब दे कर आगे के सवालो से बचने की कोशिश करता.
जैसे ही मेरे पैर गली में पड़ते
माँ रोटी चूल्हे पर चढ़ा देती !

मैं उनसे कितनी बार कहता की
मेरा इंतेज़ार मत किया करो
खा के सो जाया करो
अब मैं बड़ा हो गया हूँ
अपना ख़याल खुद रख सकता हूँ
तब माँ मेरे सर पर हाथ रख देती
और कहती - मैं जानती हूँ की तू बड़ा हो गया है बहुत बड़ा - और मुस्कुरा देती.
पर मैं भी जानता था की उनकी आदत भी मेरे साथ बड़ी हो गई है
(मेरा ख़याल रखने की आदत, मेरी फ़िक्र करने की आदत)

पर आज जब मैं देर रात गए घर लौटता हूँ
तो कोई मेरा इंतेज़ार नहीं करता
कोई मेरे लिए नहीं जागता
कोई आगे बढकर मेरा बैग नहीं थामता
और कोई मेरे सर पर हाथ नहीं फेरता !

कई बार गली के मोड़ पर पहुचते ही
मैं उतार देता हूँ बैग अपना
और बढ़ा देता हूँ यूँ ही
और बोल पड़ता हूँ :- कितनी बार कहा आप लोगो से,
मेरा इंतेज़ार .. मैं अब बड़ा हो...

और अँधेरा चुपचाप सुनता है बातें मेरी

और यूँ ही कितनी बार घर में घुसते ही - माँ को आवाजें दी हैं मैंने.
और हर बार अपनी आवाज़ की ख़ामोशी से घबराया हूँ मैं.
अब तो खुद को आवाज़ देने का भी मन नहीं करता.

बचपन में जब बुरे सपने आते थे तो मैं माँ से लिपट जाता था
जब कोई चोरी करता या झूठ बोलता
तो माँ डांटती भी थी और मारती भी
और मैं गलती करने के बावजूद उससे ही रूठ जाता,
पता था थोड़े देर मैं वो मुझे मनाएगी और कोला दिलाएगी
और शाम को डबल लालच में पिताजी से बोलता :-
आज माँ ने मुझे मारा और पिताजी मुझे बहलने के लिए
माँ को झूठ - मूठ का डांटते और मुझे अंकल चिप्स दिलाते.
और माँ मेरी चालाकी पे खुश होती.

आज वो चेहरे मुझे कहीं नहीं दिखते
आज जब मुझे नींद नहीं आती तो कोई मुझे लोरियां नहीं सुनाता.
कोई सीने से नहीं लगाता !!

दूरियां

आज अकेले चलते हुए ये महसूस हुआ कभी इन्ही तनहा उदास रास्तों परतुम हुआ करती थी मेरे साथऔर ये ख़ामोशीतब भी हमारे बीच यूँ ही चलती थीसडकें कदमो के नीचे से फिसलती रहती रात पागल थी जो लोबान कीतरह जलती रहतीतुम्हारी साँसों की महक से महक उठा करती थी ओसऔर सारा शहर ओढ़ लिया करता थाअपनावही गहरे नीले रंग की चादरतुम्हारा कुछ सोचते हुए अपने निचले होंठों को दांतों से काटनाऔर अगले ही पल उसे बेवजह जान कर यूँ ही सर को झटक देना और उड़ा देना हँसी के कुछ नाज़ुक टुकड़ेपूछने पर .. कुछ नहीं कह कर मेरे कंधे पर सर को टिका देनाऔर मेरे हाथो को यूँ पकड़ लेना जैसेइन पर सिर्फ तुम्हारा हक है.

आज बहुत सालो बाद इस रास्ते से गुज़र रहा हूँ ..पर ये सड़क अब भी उतनी ही खूबसूरत है,जितनी की पहले थी ..शायद पहले से भी ज्यादा ... या मुझे ही ऐसा लग रहा है ..न जाने क्यूँ मैं आजकल, वक़्त पर घर नहीं जाता.

Friday, January 21, 2011

" अंतिम यात्रा "

इस जलते बदन से उठाओ ये लाशो का बोझ

सूखने दो मेरी हड्डियों पे पड़े ज़ख्मों के दाग़

खुदा के वास्ते मुझे मेरी मौत मरने दो

" विजय विगामल "


Wednesday, December 29, 2010

मकान मालिक !!

बड़ा बेहूदा सच है ये :-
मेरे मकान के दरवाज़े पे
कोई और लिख गया है नाम अपना
मेरी चाबी मेरी उँगलियों में घबरायी हाफ रही है

ताला बदल गया है कुंडी पर !!

कौन हूँ मैं ?

कौन हूँ मैं ?
मेरी पहचान क्या है ?
मेरा अस्तित्व क्या है ?
क्यूँ दौड़ता हूँ मैं रात दिन ?
क्या ढूंढता हूँ मैं इन सड़को पर ?
क्या कुरेदता हूँ आसमान में ?
ऐसा क्या है इन बासी इमारतों में
जो इन्हें देर तक घूरता रहता हूँ ??

क्यूँ ये चेहरों की भीड़ ,
मेरी आँखों, मेरे ज़ेहन को चुभती है हर वक़्त ?
मैं नहीं जनता कौन हूँ मैं ?
मेरे पास ऐसा कुछ भी नहीं, कोई भी नहीं
जो ये बता सके कौन हूँ मैं ?
आखिर मेरी पहचान क्या हैं ?

बस एक मैं हूँ जो जानता है मुझको
पहचानता है मेरी शक्ल
करता है बातें मुझसे , रूढता भी है , मनाता भी !!
बचपन से साथ है मेरे
मेरे बचपन का दोस्त हूँ मैं !!

Wednesday, October 27, 2010

"मेरी छोटी सी कविता"

एक कविता की ऊँगली पकड़ कर
मैं रोज़ शाम निकल आता हूँ घर से
देर तलक भटकता रहता हूँ इसकी ऊँगली थामे इन सडकों पर
और ये खींचती रहती है उँगलियाँ मेरी

अचानक छुड़ा के हाथ मुझसे
ये दौड़ पड़ती है सुनहेले साहिल की ओर
और दौड़ती ही जाती है रेत के आखिरी झोर तक
आँखें मूंदे , दोनों बाहें फैलाये
खड़ी हो जाती है समंदर के किनारे
और ओढ़ लेती है पिघले हुए सूरज की लालिमा
समंदर भी रंग जाता है इसके नाज़ुक पांव चुपके से

मैं , जो अब तक हेराँ परेशान..
दौड़ रहा था इसके पीछे
इसके सफ़ेद चेहरे पर घुलती लालिमा
और उसमे से फूटती उसकी नादान हंसी देख …
बस मुस्कुरा देता हूँ ..
और वहीँ किनारे पर बैठ जाता हूँ
और भूल जाता हूँ दिनभर की सारी थकान
भूल जाता हूँ अब तक की सारी नाकामयाबी
और साथ ही भूल जाता हूँ ज़िन्दगी की सारी तकलीफें

बस देखता रहता हूँ
सुनहेले सूरज का पल पल पिघलना
हर शाम वो समंदर के गले में
पहना जाता है एक रेशमी ज़ेवर
और छुप जाता है उसी की
आँखों पर रख कर हथेलियाँ अपनी


मेरी कविता दूर से मुस्कुरा देती है मुझे देख कर
और बुझा कर सूरज का आखिरी कतरा समंदर में
दौड़ती , मुस्कुराती मेरी कविता मेरे सीने से लग जाती है
और देर तक रंगती रहती है मेरे खुरदुरे चेहरे को
अपने नाज़ुक हथेलियों की नर्मी से

फिर बैठ जाती है मेरे पास वहीँ
और अपनी तोतली जुबां से पूछती है …
झुलज चाचू काँ गए ??
अब वो कब आयेंगे ??
चंदा मामा अबी तक क्यों नी आये ??
और शुरू हो जाता है
उसके ना ख़तम होने वाले सवालों का सिलसिला

हम देर तक एक दुसरे को कहानियां सुनाते रहते हैं
राजा की … रानी की …भालू की …हाथी की …
और आखिर में जब
तारे गिनते गिनते वो सो जाती है
मैं हौले से उठा लेता हूँ उसको
और अपनी आगोश में समेटे घर को लौट आता हूँ …

Friday, October 22, 2010

शेयर बाज़ार...

अपनी सी जुबां के दो अजनबी

अपनी एक सी ज़रूरत को तलाशते हुए

बोखलाते , झुंझलाते , चिल्लाते

टूट पड़ते हैं एक दुसरे पर

फाड़ते हैं एक दुसरे की तबियत, कपड़े

और खुद का गला

नोचते हैं समझोते के आखिरी बाल तक

और पुरखों के ख़ानदान भी

खीच लाते हैं अपनी इस सोफीसटीकेटिड मीटिंग में


कितना गया ?? कितना डूबा ??

कितना ढूका और कितना घुसा ??

सबका हिसाब दर्ज है इस फाइल में

फाइल का मुह उतरा हुआ है आज

उसकी भी सांसें उखड़ी हुई है सुबह से


आज दिन चढ़ते ही शेयर बाज़ार टूट गया.


- शेयर बाज़ार

( कितनी फाइल इस बाज़ार में दम घोट चुकी हैं अब तक )

Fastest Way To Wealth or Death …

U decide !!


लास्ट में मुझे कुछ हो गया था इसलिए लिख दिया …

Ignore it