Saturday, January 22, 2011

"दो चेहरें"

दिल्ली के एक मामूली सरकारी अस्पताल में मेरा जन्म हुआ !!
माँ के काम घर के हैं
बाप हमें बड़ा करने में लगा हुआ है
सवेरे काम पर निकलना और
शाम को देर गए घर लौटना
हम खेलते, कूदते, कंचे खनकाते
हर दिन एक नई फरमाइश रख देते माँ के सामने
जिसे माँ चुपचाप सुनती भी और नहीं भी...

कई बार मेरे खेलों और मोहल्ले वालों की शिकायतों
से परेशान होकर बाप थप्पड़ भी मारता
और हर बार बचाने के लिए माँ ही दौड़ती
तब मुझे माँ की एहमियत का एहसास हुआ
"माँ ना होती तो, बाप के थप्पड़ों से कौन बचाता ?"

पर छोटेपन से ही
एक अजीब तरह की उदासी
मैं अपने बाप के चेहरे पर देखता हूँ
माँ के खाली कान...
उसकी साड़ी और ब्लाउज़ को जगह - जगह लगी टांकिया
मुझे अक्सर बैचैन करती
उम्र के पीलेपन से वो इतना नहीं झुलसी थी
जितना अपने बच्चो की फ़िक्र में
वो अभी तीस की ही तो थी
लेकिन...वक़्त के इस ढलाव में
वो पैतालीस की मालूम होती है

सूखे बिखरे बालों की एक पतली सी छोटी
और बेरंग चेहरे पर झुर्रियों के आलावा
और कुछ भी नहीं...
खाली फ़िक्र है जो होंठो से लिपटा पड़ा है
और एक बेबसी जो दोनों आँखों से मुंह बाये झाकती रहती है
उसे फ़िक्र ने खा लिया था ..


माँ रोज़ रात हमारे सिरहाने बैठ हमें लोरियां सुनाती
और ठोडी घुटनों पे टिकाये मेरा माथा सहलाती
मैं घर में सबसे छोटा था...
और आहिस्ता - आहिस्ता लोरी की आवाज़
उसके होंठों से लिपटे फ़िक्र में घुलने लगती
और वो अधरी हो, पीठ दीवार से लगाये खुद में सिमटने लगती
तभी पिताजी भी घर आ लौटते और
बैठ जाता हमारे पास
धीरे से अपने खुरदुरे हाथ रख देता हमारे बदन पर
और धीरे - धीरे सहलाता रहता

बाप :- बहुत दर्द हुआ होगा ?? कितनी ज़ोर से मारा था मैंने !
(और खुद ही जवाब देता)
बाप :- गलती इसकी भी तो है - कितनी बार इसको बोला इतनी शैतानी मत किया कर ...
लेकिन ये करे भी तो क्या !
बच्चा ही तो है .. अभी शैतानी नहीं करेगा तो ... खाना खाया इसने ??
माँ जवाब में हौले से सर हिला देती और
हाथ धो कर पिताजी के लिए खाना निकलने लगती !
बाप :- तुने खाया (और जवाब जानते हुए) अपने लिए भी निकाल ले.

और अब तक पिताजी के खुरदरे हाथों की नरमी मेरे बदन में घुल जाती !

जब मैं थोडा बड़ा हुआ
और कमाने लगा
तो कई बार घर लौटते हुए देर हो जाती
पर पिताजी को मैं हमेशा गली के मोड़ पर ही पाता
मेरे मोड़ तक पहुँचते ही, मेरा बैग थाम लेते और आहिस्ता से पूछते
आज ऑफिस में काम ज्यादा था क्या ??
और मैं हर बार हाँ में जवाब दे कर आगे के सवालो से बचने की कोशिश करता.
जैसे ही मेरे पैर गली में पड़ते
माँ रोटी चूल्हे पर चढ़ा देती !

मैं उनसे कितनी बार कहता की
मेरा इंतेज़ार मत किया करो
खा के सो जाया करो
अब मैं बड़ा हो गया हूँ
अपना ख़याल खुद रख सकता हूँ
तब माँ मेरे सर पर हाथ रख देती
और कहती - मैं जानती हूँ की तू बड़ा हो गया है बहुत बड़ा - और मुस्कुरा देती.
पर मैं भी जानता था की उनकी आदत भी मेरे साथ बड़ी हो गई है
(मेरा ख़याल रखने की आदत, मेरी फ़िक्र करने की आदत)

पर आज जब मैं देर रात गए घर लौटता हूँ
तो कोई मेरा इंतेज़ार नहीं करता
कोई मेरे लिए नहीं जागता
कोई आगे बढकर मेरा बैग नहीं थामता
और कोई मेरे सर पर हाथ नहीं फेरता !

कई बार गली के मोड़ पर पहुचते ही
मैं उतार देता हूँ बैग अपना
और बढ़ा देता हूँ यूँ ही
और बोल पड़ता हूँ :- कितनी बार कहा आप लोगो से,
मेरा इंतेज़ार .. मैं अब बड़ा हो...

और अँधेरा चुपचाप सुनता है बातें मेरी

और यूँ ही कितनी बार घर में घुसते ही - माँ को आवाजें दी हैं मैंने.
और हर बार अपनी आवाज़ की ख़ामोशी से घबराया हूँ मैं.
अब तो खुद को आवाज़ देने का भी मन नहीं करता.

बचपन में जब बुरे सपने आते थे तो मैं माँ से लिपट जाता था
जब कोई चोरी करता या झूठ बोलता
तो माँ डांटती भी थी और मारती भी
और मैं गलती करने के बावजूद उससे ही रूठ जाता,
पता था थोड़े देर मैं वो मुझे मनाएगी और कोला दिलाएगी
और शाम को डबल लालच में पिताजी से बोलता :-
आज माँ ने मुझे मारा और पिताजी मुझे बहलने के लिए
माँ को झूठ - मूठ का डांटते और मुझे अंकल चिप्स दिलाते.
और माँ मेरी चालाकी पे खुश होती.

आज वो चेहरे मुझे कहीं नहीं दिखते
आज जब मुझे नींद नहीं आती तो कोई मुझे लोरियां नहीं सुनाता.
कोई सीने से नहीं लगाता !!

No comments:

Post a Comment